शामली। डीएम ने बैंकर्स की त्रैमासिक जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक में जिले के सभी बैंकों में अलार्म- सीसीटीवी व प्रशिक्षित सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में डीएम इंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में बैंकर्स की त्रैमासिक जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि बैंक में किसी भी प्रकार की कोई भी अनहोनी न हो, इसलिए जिले की सभी बैंकों में अलार्म- सीसीटीवी व प्रशिक्षित सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था होनी चाहिए। ऋण एवं कृषि कर्ज का लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति बहुत खराब पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी प्रकट की। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह के बचत खाते खोलने की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान ओबीसी बैंक, पीएनबी बैंक एसवीआई कारपोरेशन बैंक, सर्वयूपी ग्रामीण बैंक, इलाहाबाद बैंक तथा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की स्थिति बहुत खराब पाई गई। डीएम ने बैंकों को गरीब महिलाओं के राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका के तहत स्वयं सहायता समूहों के खाते खोलने में अगर लापरवाही बरती गई तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर एलडीएम हरपाल तोमर, परियोजना निदेशक संजय कुमार, सीओ थानाभवन राजेश कुमार तिवारी व सभी बैंक प्रतिनिधि उपस्थित थे।