- त्वचा संबंधी, जुकाम, खांसी और वायरल बुखार के रोगियों की संख्या रही ज्यादा
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले में सभी 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में मरीजों की संख्या पिछली बार के मुकाबले कम रही। इस बार आरोग्य मेले में 697 मरीजों को उपचार मिला और 67 आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए। मेले में त्वचा, जुकाम, खांसी और वायरल रोग के मरीज ज्यादा रहे।
रविवार को जिले में सभी पीएचसी पर आरोग्य मेला आयोजित हुआ। आरोग्य मेले में 256 पुरुष, 337 महिला और 104 बच्चों समेत कुल 697 मरीजों को उपचार दिया गया। सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि गर्मी और उसम ज्यादा होने की वजह से त्वचा संबंधी खाज खुजली, एलर्जी, वायरल बुखार, जुकाम, खांसी आदि के मरीज ज्यादा रहे हैं। सभी मरीज सामान्य बीमारी से संबंधित रहे। सभी मरीजों को दवा उपलब्ध कराई गई है। सबसे ज्यादा 48 मरीज केरटू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे जबकि सबसे कम तीन मरीज गढ़ीपुख्ता पीएचसी पर पहुंचे। उन्होंने बताया सभी पीएचसी पर आरोग्य मेले में 25 चिकित्सक और 98 पैरा मेडिकल स्टाफ की ड्यूटी रही। इस बार आरोग्य मेले में मरीजों की संख्या कम रही है। जून के महीने में मरीजों की स्थिति देखे तो पिछले रविवार 26 जून को 814 मरीज आरोग्य मेले में पहुंचे थे।