अमर उजाला ब्यूरो
शामली। नए साल से शहर में ई-रिकशा मनमाने रूट पर नहीं दौड़ सकेंगे। शहर में जाम की समस्या से निबटने और यातायात व्यवस्था को सुचारु ढंग से चलाने के लिए परिवहन विभाग ने ई-रिकशाओं के व्यवस्थित संचालन के लिए रूट चार्ट का निर्धारण किया है। नए साल के पहले दिन से यह व्यवस्था लागू की जाएगी। एआरटीओ ने बिना रूट चार्ट के ई रिकशा चलाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
शहर में ई-रिकशा की लगातार बढ़ रही संख्या से जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम की समस्या से निबटने और यातायात व्यवस्था को सुचारु ढंग से चलाने के लिए परिवहन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से जिले में ई-रिक्शाओं के व्यवस्थित संचालन हेतु रूट चार्ट तैयार किया है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मुंशी लाल ने बताया कि जिलाधिकारी अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने के लिए यह व्यवस्था की गई है। इसके तहत सभी ई-रिकशा के मालिकों को एक जनवरी से एआरटीओ कार्यालय में रूट चार्ट लेने के लिए अपने वाहन के समस्त प्रपत्र चेक कराकर रजिस्टर्ड कराना होगा। इसके बाद उन्हें ई-रिक्शा पर अपना रूट चार्ट लगाना होगा। जो ई-रिकशा बिना रूट चार्ट के चलाते मिलेंगे, उसने विरुद्ध चालान और थाने में निरुद्ध करने की कार्रवाई की जाएगी।
ई-रिकशा के आगे रूट का स्टीकर लगेगा
ई-रिकशा पर आगे की तरफ एआरटीओ कार्यालय की तरफ से निर्धारित किए गए रूट का स्टीकर लगाया जाएगा। ताकि लोगों को दूर से ही यह पता चल सके कि ई-रिकशा किस रूट की है। पीछे की तरफ से दूसरा स्टीकर लगेगा। जिस पर ई-रिकशा के वाहन स्वामी का नाम, चालक का नाम, मोबाइल नंबर का स्टीकर लगाया जाएगा। इसके साथ ही ई-रिकशा पर रेडियम रिफ्लेक्टर की पट्टी भी लगाई जाएगी, ताकि रात के समय दूर से ही ई-रिकशा दिखाई दे सके। इससे हादसा होने का खतरा नहीं रहेगा। इसके साथ ही नगरपालिका से बात कर शहर में ई रिक्शा के स्टैंड भी निर्धारित किए जाएंगे।
शहर में ई-रिकशा के लिए बनाए गए प्रस्तावित रूट
गुरुद्वारा से विजय चौक तक
विजय चौक से माजरा रोड नई मंडी तक
रेलवे स्टेशन से सिसौली अड्डे तक
बुढ़ाना रोड से अजंता चौक तक
विजय चौक से नहर पुल तक
विजय चौक से करनाल रोड पर नहर पुल तक