फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: 5167 अभ्यर्थियों ने दी पुलिस भर्ती परीक्षा

Mon, 26 Aug 2024 12:48 PM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
शामली के हिंदू कन्या इंटर कॉलेज में पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए लाइन में लगे अभ्यर्थी। संवा
विज्ञापन
शामली। जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर तीसरे दिन यूपी पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा कड़ी चौकसी के बीच संपन्न हुई। परीक्षा दो पाली में आयोजित हुई। जिसमें 10080 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे। जिसमें 4913 ने परीक्षा छोड़ी और 5167 ने परीक्षा दी। हर अभ्यर्थी की मुख्य गेट के अलावा अंदर भी गहन चेकिंग की गई। अब 30 और 31 को परीक्षा होगी।
विज्ञापन


पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित हुई। सुबह 8 बजे से केंद्रों के अंदर अभ्यर्थियों को पहले मैटल डिटेक्टर, बायोमेट्रिक और आंखों की जांच के साथ ही केंद्र के अंदर जाने दिया गया। किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और बाल पेन के अलावा कोई भी वस्तु अंदर नहीं जाने दी गई। सुबह की पाली में सभी 13 केंद्रों पर 5040 पंजीकृत रहे। 2550 ने परीक्षा दी और 2490 ने परीक्षा छोड़ी। वहीं दूसरी पाली 3 बजे से 5 बजे तक चली। जिसमें एक बजे से अभ्यर्थियों को केंद्र के अंदर भेजना शुरू किया गया। परीक्षा में सभी केंद्रों पर 5040 पंजीकृत रहे। 2617 ने परीक्षा दी और 2423 ने परीक्षा छोड़ी।
परीक्षा के दौरान पर्यवेक्षक रफीक अहमद, एसपी रामसेवक गौतम, डीएम रविंद्र सिंह, एएसपी संतोष कुमार सिंह, डीआईओएस जेएस शाक्य व स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने केंद्रों का निरीक्षण कर जायजा लेते हुए व्यवस्थाएं देखीं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। थानाभवन में परीक्षा केंद्र के आसपास आरएएफ के जवानों ने फ्लैग मार्च किया।
विज्ञापन

स्ट्रांग रूम से कड़ी सुरक्षा में केंद्र पर पहुंचे प्रश्नपत्र
स्ट्रांग रूम से प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा पहरे में मजिस्ट्रेट की निगरानी में केंद्रों पर पहुंचे। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस सुबह से ही देर रात तक मुस्तैद रही। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार, भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।

-शहर के अंदर और बाईपास पर पुलिस बल रहा तैनात
शहर के मुख्य मार्ग व शहर के अंदर और बाईपास पर भी अभ्यर्थियों को जानकारी देने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। किसी भी अभ्यर्थी की परीक्षा न छूटे इसके लिए पुलिस कर्मी बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों के बारे में जानकारी देते रहे।

गर्मी से जूझे परीक्षार्थी
जनपद में सुबह से ही काफी गर्मी रही। केंद्रों के आसपास दूसरी पाली के बैठे अभ्यर्थी धूप के चलते इधर-उधर छिपते नजर आए। कोई किसी की दुकान के अंदर तो कोई किसी के लिंटर के नीचे छिपता नजर आया।
दोनों पाली में परीक्षा छूटते ही शहर में लगा जाम

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के छूटते ही शहर में जाम की स्थिति रही। जिसमें शहर के करनाल रोड, विजय चौक, अजंता चौक, वीवी रोड पर अभ्यर्थियों की भीड़ रही। जिसके बाद यातायात पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया।
आधार सत्यापन कराने के लिए 2.30 घंटे पहले पहुंचे अभ्यर्थी
पुलिस भर्ती बोर्ड ने आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों के आधार कार्ड का ब्योरा मांगा था। जिन अभ्यर्थियों ने आधार कार्ड का ब्योरा आवेदन से नहीं हो पा रहा है, उनको परीक्षा केंद्र पर आधार सत्यापन कराने के लिए ढाई घंटे पहले बुलाया गया। जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलविहीन परीक्षा हो सके।
परीक्षा के बाद रोडवेज बस अड्डे और स्टेशन पर उमड़ी भीड़
पुलिस अभ्यर्थियों के लिए राज्य सरकार ने बस में निशुल्क यात्रा के निर्देश दिए हैं। जिसके चलते परीक्षा छूटने के बाद दिल्ली व आसपास के जनपदों के अभ्यर्थी रोडवेज बस अड्डे पर पहुंचे और अपने घरों की ओर रवाना हुए। बस अड्डे पर अधिकारियों से अभ्यर्थी पूछताछ करते रहे। सबसे ज्यादा भीड़ दिल्ली, मेरठ, सहारनपुर व मुजफ्फरनगर को जाने वाली बस में नजर आई। वहीं राजस्थान व बिहार व मध्य प्रदेश जाने वाले अधिकतर अभ्यर्थी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। राजस्थान जाने वाले अभ्यर्थी रात को 10 बजे आने वाली उदयपुर सिटी एक्सप्रेस ट्रेन का इंतजार करते रहे। वहीं दिल्ली जाने वाले रात को 9 बजे दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के इंतजार में बैठे रहे।
परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों व परिजनों ने निशुल्क किया भोजन

शहर के वीवी इंटर कॉलेज रोड पर पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल द्वारा निशुल्क खाने और आराम की व्यवस्था कराई गई। पूरा दिन अभ्यर्थियों व साथ में आए परिजनों ने चावल और कढ़ी का भोजन किया और सुबह नाश्ते में चाय बिस्कुट की व्यवस्था रही।
इन पर रहा प्रतिबंध
परीक्षा केंद्रों पर कोई भी पाठ्य सामग्री, जूते, कागज के टुकड़े, प्लास्टिक पाउच, इलेक्ट्रॉनिक पेन, मोबाइल, चाबी, ब्लूटूथ डिवाइस, कैमरा, ईयरफोन, माइक्रो फोन, घड़ी, काला चश्मा, पर्स, हैंड बैग, सिगरेट, लाईटर, पैन ड्राइव, पेजर, कैल्कुलेटर, क्रेडिट व डेबिट कार्ड, इरेजर, खुला अथवा पैक किया हुआ खाना भी ले जाने पर प्रतिबंध रहा।
देरी से पहुंचने पर दो अभ्यर्थियों की छूटी परीक्षा
शहर के वीवी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर सुबह की पाली में दो अभ्यर्थी देरी से पहुंचे। जिन्हें परीक्षा केंद्र के अंदर जाने से रोक दिया गया। बाहर गेट पर ड्यूटी पर पुलिस कर्मियों ने बताया कि दो अभ्यर्थी राजस्थान के रहने वाले थे, वह सुबह दिल्ली से ट्रेन के माध्यम से आए थे। दोनों अभ्यर्थी सुबह 10 बजकर 05 मिनट पर केंद्र पर पहुंचे थे, जबकि 9.30 बजे गेट बंद हो जाता है। परीक्षा शुरू हो चुकी थी, सख्त आदेशों के चलते अभ्यर्थियों को वापस भेजना पड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें