आज आंधी और बूंदाबांदी के आसार
शामली। अप्रैल में मई- जून जैसी गर्मी होने से सोमवार को दिन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पूरे दिन गरम हवाएं चलने से इस साल का सबसे गरम दिन रिकार्ड किया गया। पूरे दिन गर्मी से लोगों का हाल बेहाल रहा। मंगलवार को आंधी और बूंदाबांदी के आसार हैं।
पिछले एक सप्ताह से भीषण गर्मी से लोग हाल -बेहाल हो गए। गरम दिन होने के कारण धूप से बचने के लिए महिलाएं और छात्राएं छाता लेकर घरों से बाजारों को निकल रही है। हालात यह है कि युवा और युवतियां मुंह पर कपड़ा बांधकर वाहनों से गुजर रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार, बुधवार, बृहस्पतिवार को आकाश में बादल के साथ आंधी, बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है। सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के डाक्टर यूपी शाही ने बताया कि गरम हवाओं के चलने और पश्चिमी विक्षोभ के कारण आगामी दो दिन तक मौसम बिगड़ जाएगा। 50 किमी प्रति घंटा की गति से हवाएं चलेगी। पांच से लेकर दस प्रतिशत एमएम तक बारिश होगी। आधी बारिश से आम की फसल और गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है।