शामली। दो माह से मानदेय न मिलने से नाराज आशाओं ने सीएमओ ऑफिस पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने चिकित्साधीक्षक पर भुगतान के बदले रुपये मांगने के आरोप लगाए। सीएमओ ने मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार को कैराना ब्लॉक की दर्जनों आशाएं सीएमओ ऑफिस पर पहुंचीं। बताया कि अप्रैल और मई माह का उनका मानदेय नहीं बना। जिस कारण उनको काम करने में परेशानी आ रही है। इस संबंध में उन्होंने कोई बार सीएचसी प्रभारी से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आशाओं का आरोप है कि सीएचसी प्रभारी रुपये मांग रहे है। उन्होंने सीएमओ डॉ. राजकुमार को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। सीएमओ ने मामले में एसीएमओ को जांच सौंपकर अग्रिम कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
डाक्टरी नहीं कैराना अस्पताल में चल रही राजनीति
सीएचसी प्रभारी बनने के बाद कैराना अस्पताल में कुछ ठीक नहीं चल रहा है। सूत्रों की माने तो वर्तमान सीएचसी प्रभारी ने कर्मचारी की धोखाधड़ी पकड़ ली थी। जिसके बाद से अस्पताल में हंगामे शुरू हो गए। एक माह पूर्व सीएमओ के सामने ही एक कर्मचारी ने चिकित्साधीक्षक के साथ अभद्रता कर डाली थी। शनिवार को आशाओं द्वारा सीएमओ ऑफिस पर हंगामा करना और सीएचसी पर आरोप लगाया भी इसी साजिश की कड़ी माना जा रहा है। फिलहाल सीएमओ मामले की जांच करा रहे हैं।
कैसे होता है आशाओं का भुगतान
डाक्टरों के अनुसार आशाओं का भुगतान होने से पहले लंबी प्रक्रिया है। सबसे पहले आशा अपना बिल बनाएगी और उसके बाद एएनएम को सुपुर्द करेगी। एनएनम द्वारा सत्यापन करने के बाद बीसीपीएम को फाइल सौंपी जाएगी। जहां से ब्लाक एकाउंट मैनेजर और उसके बाद सीएचसी प्रभारी के पास जाएगी। उसके बाद ब्लाक एकाउंट मैनेजर द्वारा पेमेंट आशाओं के खाते में डाल दिया जाएगा।