शामली। जनपद में शराब की दुकानों की नीलामी के लिए बुधवार को अंतिम दिन तक 50 प्रतिशत ही आवेदन आ सके। अब दूसरे चरण की आवेदन प्रक्रिया में सभी दुकानों की नीलामी होने की संभावना की जा रही है।
शासन के निर्देश पर इस बार शराब की दुकानों की ऑनलाइन नीलामी की जानी है, जिसके लिए 20 फरवरी से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। बुधवार को ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख रही। जिला आबकारी अधिकारी राकेश बहादुर सिंह ने बताया कि जिले में देशी, अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकानों के अलावा चार मॉडल शॉप के लिए आवेदन मांगे गए। कुल 146 दुकानों के सापेक्ष बुधवार शाम सात बजे तक ऑनलाइन पोर्टल पर 71 आवेदन फीड हो चुके हैं, जिसके बाद पोर्टल बंद हो गया। बृहस्पतिवार तक स्थिति स्पष्ट होगी कि कुल कितने आवेदन आए हैं। उन्होंने बताया कि शराब की दुकानों की नीलामी दो चरणों में कराई जाएगी। पहले चरण के तहत आवेदन प्रक्रिया पूरी हो गई है, जिसके तहत पांच मार्च को दुकानों की नीलामी होगी। उन्होंने बताया कि बाकी दुकानों की नीलामी दूसरे चरण के तहत होगी, जिसके लिए सात मार्च से आवेदन शुरू होंगे और 14 मार्च को दूसरे चरण के तहत नीलामी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
चेकिंग में पकड़ी 10 पेटी शराब
शामली। आबकारी टीम ने बुधवार को झिंझाना थाना क्षेत्र में मेरठ करनाल हाइवे पर गाडीवाला चौराहा के पास चेकिंग के दौरान आल्टो कार पकड़ी, जिसमें 10 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आबकारी अधिकारी दिनेश्वरनाथ त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी कार चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
बाग के पास मिला युवक का शव
कैराना। कोतवाली कैराना क्षेत्र के गांव भूरा में बाग के पास बुधवार रात अज्ञात शव पड़ा मिला। उसके शरीर पर कोई जाहिरा चोट नहीं थी। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान कैराना निवासी वाहिद (28) है। शव को मोर्चरी भिजवा दिया है।
- खंभे से टकराकर बाइक सवार युवक घायल
कैराना। बागपत जिले के गांव टांडा निवासी अनुज बुधवार रात बाइक से कैराना की तरफ आ रहा था। रास्ते में खंभे से बाइक टकराने पर वह घायल हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद युवक को सीएचसी कैराना लाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद युवक को गंभीर हालत के चलते जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
-- युवक को पीटकर घायल किया
कैराना। कोतवाली कैराना क्षेत्र के गांव बुच्चाखेड़ी निवासी विकास बुधवार रात करीब आठ बजे अपनी गली के पास खड़ा होकर मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रहा था। इसी दौरान चार युवक वहां आए और विकास पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। हमले में विकास गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने घायल विकास को कैराना सीएचसी पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत के चलते युवक को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।