दिगंबर जैन कन्या इंटर कॉलेज में घुसकर प्रधानाचार्या और शिक्षिकाओं के साथ अभद्रता करने के मामले में पांच दिन बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इससे खफा शिक्षिकाओं ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया। बाद में पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शिक्षिकाओं के गुस्से को समाप्त किया।
पांच दिन पूर्व कैराना के दिगंबर जैन कन्या इंटर कॉलेज में एक आरोपी ने शराब के नशे में कॉलेज में घुसकर प्रधानाचार्या और महिला अध्यापिकाओं के साथ अभद्रता करते हुए गालीगलौज कर दी। कॉलेज में हंगामा होने पर कॉलेज की छात्राएं सहम गई थी। मामले की सूचना डायल 100 नंबर पर देने पर पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपी फरार हो गया था। बाद में प्रधानाचार्या सुधा वर्मा ने कोतवाली में एक आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पांच दिन बाद भी पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने से नाराज होकर मंगलवार को दिगंबर जैन कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या सुधा वर्मा कॉलेज की अध्यापिकाओं के साथ कोतवाली पहुंची। कॉलेज के स्टाफ ने कोतवाली में पहुंचकर हंगामा करते हुए आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। किलागेट पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई नेमचंद द्वारा आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने व कार्रवाई करने के आश्वासन पर कॉलेज का स्टाफ लौट गया।