शामली। शहर कोतवाली पुलिस ने हरियाणा के पानीपत निवासी धागा व्यापारी के मुनीम अनिल कुमार से करीब दो माह पहले जीएसटी अधिकारी बनकर 32 लाख रुपये की लूट करने की घटना में शामिल आरोपी रोहन भाटी को रिमांड पर लाकर पूछताछ की।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके गांव खैला के जंगल से 50 हजार रुपये बरामद किए। शहर कोतवाली क्षेत्र में तीन जून की शाम को पानीपत के धागा व्यापारी के मुनीम अनिल निवासी कहलपा थाना बड़ौदा जनपद सोनीपत और चालक सतनाम निवासी नूरवाला पानीपत से भारत सरकार लिखी बुलेरो सवार बदमाशों ने जीएसटी अधिकारी बनकर 32 लाख रुपये लूट लिए थे।
उस समय मुनीम कार से चालक के साथ मेरठ से पानीपत लौट रहे थे। एसओजी टीम और कोतवाली पुलिस ने आठ जून को घटना का खुलासा करते हुए मोहित, शुभम उर्फ गौरव, अमरजीत, गुलशन और रवि को गिरफ्तार कर लूट के दस लाख रुपये, तमंचे और घटना में प्रयुक्त गाड़ी बरामद की थी। इसके बाद एक जुलाई को आरोपी राहुल को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया था। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि इस घटना में शामिल आरोपी रोहन भाटी निवासी गांव खैला थाना चांदीनगर जनपद बागपत पांच जून को न्यायालय जनपद बागपत के समक्ष आत्मसमर्पण कर जेल चला गया था। पुलिस ने जिला कारागार बागपत जाकर आरोपी रोहन भाटी से पूछताछ की गई थी। न्यायालय की अनुमति से रविवार सुबह आठ बजे जिला कारागार बागपत से आरोपी रोहन को काे दस घंटे के पुलिस कस्टड़ी रिमांड लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर उसके गांव खैला में प्राथमिक विद्यालय के निकट खेत में छिपाकर रखे गए 50 हजार रुपये बरामद किए।