कैराना/थानाभवन। रात के समय गांवों में ड्रोन दिखाई देने को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। पुलिस ने कैराना और थानाभवन में ग्राम प्रधानों व जिम्मेदार लोगाें की बैठक ली। पुलिस अफसरों ने कहा कि ड्रोन उड़ाने की पुरानी वीडियो वायरल कर अफवाह फैलाई जा रही है। इस तरह की अफवाहों में लोग न आएं। ड्रोन की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कैराना क्षेत्र के गांव खुरगान, गंदराऊ, मलकपुर व तितरवाड़ा सहित कई गांवों में रात के समय ड्रोन दिखाए देने का शोर मचा है। इसे लेकर ग्रामीणों में दहशत बनी है। ग्रामीण पहरा तक देने लगे हैं। इसे लेकर कोतवाली परिसर में सीओ श्याम सिंह ने ग्राम प्रधानों व गणमान्य लोगों के साथ बैठक की।
इस दौरान सीओ ने कहा कि रोजाना किसी न किसी गांव में ड्रोन उड़ने की सूचना मिल रही है, जो पूरी तरह झूठी है। उन्होंने कहा कि यूपी हरियाणा सीमा के गांवों के पास दोनों प्रदेशों की ओर से सीमांकन का कार्य कराया जा रहा है, हो सकता है सीमावर्ती क्षेत्रों में इसलिए ड्रोन उड़ाए जा रहे हों।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि ड्रोन की जो वीडियो वायरल हो रही है वह सब पुरानी है, जो अफवाह फैलाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पहरा देेने वालों के बारे में थाने में जानकारी होनी चाहिए : खुरगान के ग्राम प्रधान असलम ने कहा कि यदि कोई स्वेच्छा से गांव में पहरा देना चाहता है तो उन लोगों के नाम की जानकारी थाने में होनी चाहिए। सीओ ने कहा कि ग्राम स्तर पर ग्राम सुरक्षा समिति बनाई गई है, यदि कोई स्वेच्छा से ग्राम प्रहरी का काम करना चाहता है तो उसे करने दें। पुलिस ने सहयोग की अपील की।