कैराना। फ्रिज किए गए बैंक खाते से तत्कालीन शाखा प्रबंधक के सहयोग से फर्जी कागज तैयार कराकर करोड़ों का लेनदेन करने के मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तत्कालीन बैंक शाखा प्रबंधक सहित 5 आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
मैसर्स रोजी लेयर्स फार्म मौहल्ला कलालान के पार्टनर अकबर अब्बास जैदी ने एसएसपी के माध्यम से कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया कि 19 दिसंबर 2015 को उसने हिफजुर्रहमान उर्फ चांद उस्मानी और आसिफ निवासी मोहल्ला खैलकलां के साथ पार्टनरशिप में मैसर्स रोजी फार्म रामडा रोड पर बनाया था। उन्होंने पार्टनरशिप रजिस्टर्ड करायी थी। 19 जनवरी 2016 को उन्होंने कैराना स्थित पंजाब नेशनल बैंक में अपनी फर्म के नाम से खाता खुलवाया था। बाद में हम तीनो पार्टनरों के बीच विवाद हो गया। 19 अक्तूबर 2019 को उसने तत्कालीन बैंक शाखा प्रबंधक अंकुश शर्मा को फर्म के बैंक खाते से दोनों पार्टनरों के अनियमित ट्रांजक्शन करने के कारण बैंक खाता फ्रिज करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। जिस पर तत्कालीन शाखा प्रबंधक ने खाता फ्रिज कर दिया था।
लेकिन कुछ दिन पश्चात हिफजुर्रहमान उर्फ चांद उस्मानी और आसिफ निवासी मोहल्ला खैलकलां ने इकराम निवासी बेगमपुरा व शमशुदीन निवासी खैलकला एंव तत्कालीन शाखा प्रबंधक अंकुश शर्मा से सांठगांठ व एक राय होकर फर्जी दस्तावेज तैयार करा कर फर्म का फ्रिज किया खाता पुन: संचालित करा कर 4,66,22,748 रुपये का लेनदेन कर लिया। 7 अप्रैल को उसे घोटाले का पता चला तो उसने वर्तमान शाखा प्रबंधक से फ्रिज हुआ बैंक खाता पुन संचालित करने का कारण जानना चाहा तो कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला।
अकबर अब्बास जैदी ने बताया कि खाता फ्रिज होने के बाद भी लेनदेन होने के कारण करीब 50 से 60 लाख की हेराफेरी की गई है। मामले में पुलिस ने आरोपी हिफजुर्रहमान उर्फ चांद उस्मानी, आसिफ निवासी मोहल्ला खैलकलां, इकराम निवासी बेगमपुरा, शमशुदीन निवासी खैलकलां व तत्कालीन पीएनबी शाखा प्रबंधक अंकुश शर्मा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।