अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। कैराना और कांधला ब्लाक के सभी सरकारी प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को प्राथमिक उपचार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। ताकि वह स्कूल में बच्चों को छोटी-छोटी चोट लगने या अन्य परेशानी होने पर स्कूल में ही उसे प्राथमिक उपचार दे सके।
बृहस्पतिवार को एसडीएम डॉ. अमित पाल शर्मा ने कैराना और कांधला के एबीएसए के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि दोनों ही एबीएसए अपने क्षेत्र के सभी प्राथमिक विद्यालयों से एक-एक टीचर का चयन करके उनकी सूची बनाएंगे। इसके बाद 50-50 शिक्षकों के ग्रुप को ग्लोबल शांति केयर हास्पिटल शामली के चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद स्कूलों में फस्ट एड की किट की व्यवस्था कराई जाएगी। ताकि किसी भी आपात स्थिति में बच्चों को स्कूलों में ही प्राथमिक उपचार दिया जा सके। इसके अलावा सभी स्कूलों में पीटी टीचर प्रत्येक माह की एक और 15 तारीख को बच्चों की ड्रेस, नाखून या सिर के बाल की देखरेख करेंगे। इसके अलावा यह भी जांच की जाएगी कि बच्चे प्रतिदिन स्नान करके आते है या नहीं। एसडीएम ने बताया कि उनका उद्देश्य है कि हमारे नौनिहाल स्वस्थ व स्वच्छ रहे।