शौचालय निर्माण में घटिया सामग्री लगाई
शामली। ऊन ब्लाक क्षेत्र के गांव यूसुफपुर चौतरा के लोगों ने शौचालय निर्माण में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री लगाई गई है और सुविधा शुल्क की मांग की गई। इस मामले में जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर जांच कराने और कार्रवाई कराने की मांग की गई है।
बृहस्पतिवार को गांव यूसुफपुर चौतरा के लोग इकट्ठा होकर कलक्ट्रेट पहुंचे। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह को ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान ने शौचालयों के निर्माण के नाम पर पात्रों से दो-दो हजार रुपये सुविधा शुल्क लिया है और निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। शौचालयों के निर्माण की जांच कराकर उनसे वसूली गई धनराशि की वापस कराई जाए। बताया कि राशन की दुकान के आवंटन में भी अनियमितता बरती गई। पांच जुलाई को दुकान आवंटन का प्रस्ताव एडीओ पंचायत और ग्राम प्रधान ने अपने घर बैठक पास कर लिया है, जबकि राशन की दुकान का आवंटन गांव की खुली बैठक में होना चाहिए था। जिलाधिकारी ने जांच कराने का आश्वासन दिया है। इस दौरान हासिम, साजिद हसन, मुस्तकीम, जय सिंह, शराफत, लीलू, दीना, नरेश कुमार, महताब, कुलदीप, लाल्ला, प्रेम, फान्ना, मोनू आदि मौजूद रहे।
नाले का निर्माण रुकवाने की मांग
शामली। गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के भाटूखेड़ी गांव के लोगों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को शिकायत पत्र देकर बताया कि गांव में गंदे पानी की निकासी के लिए नाला निर्माण कराया जा रहा है। गांव में गरीब बस्ती में नाला निर्माण के मानकों में गड़बड़ी की गई है। उनके मकानों के पास नाले की गहराई ज्यादा कर दी गई है, जिससे उनके घरों की नींव में पानी घुसने की आशंका है। उनकी मांग है कि नाला निर्माण मानकों के आधार पर कराया जाए। इस दौरान तसलीम, खालिद, जाबिर, परवेज, मोहम्मद रफीक, साबिर, नफीस, शाकिर, अयूब, शाकिर, इस्लाम, शाकिर आदि मौजूद रहे।