शामली। दस फरवरी को होने वाला पहले मतदान संपन्न कराने के लिए आज सेे 34 कंपनी पीएसी जिले में डेरा डाल देंगी। गोरखपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, सोनभद्र आदि जिलों की फोर्स शांतिपूर्वक मतदान संपन्न कराएगी।
एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि 34 कंपनी अर्धसैनिक बल और एक कंपनी व एक प्लाटून पीएसी अगले 24 घंटे में जिला मुख्यालय पर पहुंचकर डेरा डाल देगी। मतदान के लिए गोरखपुर, लखीमपुर खीरी से जीआरपी और एंटी करप्शन के जवान मांगे गए हैं। दो हजार होमगार्ड बरेली और सोनभद्र से आएंगे। मतदान से 24 घंटे पूर्व हरियाणा प्रांत और पड़ोसी जिले बागपत, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर जिलों की सीमा सभी बैरियरों पर फोर्स तैनात कर आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग का अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
सीमाओं पर लगेंगे 36 बैरियर
शांतिपूर्ण मतदान के लिए बागपत, सहारनपुर मुजफ्फरनगर और हरियाणा प्रांत के पानीपत व करनाल जिलों की सीमा पर बाहरी लोगों को रोकने के लिए 36 बैरियर बनाए गए हैं। हरियाणा की सीमा पर अतिरिक्त चौकसी बरती जाएगी।
फोर्स लाने और ले जाने के लिए मांगी 70 यूपी रोडवेज की बसें
शामली। दस फरवरी को होने वाले प्रथम चरण के मतदान के लिए पुलिस फोर्स लाने और ले जाने के लिए 70 यूपी रोडवेज की मांग की गई हैं। 48 बसें खतौली डिपो और दस बस सहारनपुर डिपो की अधिग्रहण कर ली गई हैं। अधिग्रहण की गई बस फोर्स को लाने के लिए गोरखपुर, लखीमपुर खीरी, सोनभद्र और बरेली आदि जिलों को रवाना कर दी गई। मतदान के बाद 11 फरवरी के लिए यूपी रोडवेज के लिए 12 बसों की ओर मांग की गई है। जिससे पुलिस फोर्स को चुनाव संपन्न होने के बाद अन्य जिलों में भेजा जा सके। यूपी रोडवेज के शामली बस स्टेशन के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी राजेंद्र चौहान के मुताबिक मतदान के लिए 48 बसें खतौली डिपो और 10 बसें सहारनपुर से पहले ही अधिग्रहण कर ली गई हैं। यूपी रोडवेज के सहारनपुर रीजन से दस फरवरी के मतदान के बाद 11 फरवरी के लिए 12 बसें मांगी गई हैं। संवाद