शामली। विधानसभा चुनाव के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच में नौ नामांकन पत्र कमी पाए जाने पर निरस्त कर दिए गए। अब चुनावी मैदान में तीनों सीटों पर 34 प्रत्याशी रह गए हैं। वहीं, 27 जनवरी को नामांकन पत्र वापस लेने का समय है, जिसके बाद चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की फाइनल सूची जारी हो जाएगी। साथ ही चुनाव चिह्न भी आंवटित किए जाएंगे।
जिले की कैराना, शामली और थानाभवन तीनों सीटों के लिए 43 लोगों ने चुनाव लड़ने के लिए नामांकन पत्र जमा कराए थे। बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच का दिन निर्धारित था। इसके चलते कैराना विधानसभा सीट से आरओ एसडीएम कैराना भानुप्रकाश यादव ने जांच के बाद इस सीट से मुरसलीन का नामांकन पत्र कमी पाए जाने पर निरस्त कर दिया। अब कैराना सीट पर 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं।
वहीं, थानाभवन विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर एसडीएम ऊन विजय प्रकाश तिवारी ने प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच की। जांच में मुशर्रत बेगम, कंवरपाल सिंह, नसीम, अमरपाल सिंह और मुस्तकीम का नामांकन पत्र निरस्त किया गया।
थानाभवन सीट पर 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा शामली विधानसभा क्षेत्र से सरफराज खान, डॉक्टर नसरीन, मोहम्मद इनाम के नामांकन
पत्र निरस्त किए गए हैं। शामली विधानसभा सीट पर अब 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। डीएम सुजीत कुमार ने बताया कि शुक्रवार को नामांकन पत्र वापस लेने का समय निर्धारित है। उसी दिन अपराह्न तीन बजे के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।