जिले में 34.52 प्रतिशत हुआ टीकाकरण
शामली/कैराना। जिले में चल रहे कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान में बृहस्पतिवार को 35 बूथों पर टीकाकरण हुआ। लक्ष्य के सापेक्ष 34.52 प्रतिशत टीकाकरण हुआ। 5000 के सापेक्ष 1726 लोगों को टीके लगाए गए।
जिले में बृहस्पतिवार को 35 बूथों पर टीकाकरण किया गया। जिला अस्पताल व सीएचसी शामली समेत 27 बूथों पर कोविशील्ड के टीके लगाए गए जबकि रेलवे अस्पताल, कुड़ाना सीएचसी, पीएचसी बनत, पीएचसी लांक, पीएचसी बहावड़ी और पीएचसी सिलावर, स्वास्थ्य केंद्र गोहरनी व बुटराड़ा में कोवैक्सीन के टीके लगाए गए। बृहस्पतिवार को सभी 35 बूथों पर 5000 के सापेक्ष 1726 लोगों को टीके लगाए गए, जिनमें 1067 लोगों को पहला और 659 लोगों को दूसरा टीका लगा। जिले में 34.52 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है।
सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के 142984 लोगों को टीके लगाने के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 63771 लोगों को पहली डोज का टीका लगाया गया, जो लक्ष्य का 44.60 प्रतिशत है। इस आयु वर्ग के 15025 लोगों को दूसरा टीका लग चुका है।
कैराना क्षेत्र में छह बूथों पर 280 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक अतुल गर्ग ने बताया कि बृहस्पतिवार को कैराना सीएचसी पर 30 लोगों को, पीएचसी कंडेला पर 46, पीएचसी डुंडुखेड़ा पर 54, पीएचसी ऊंचागांव पर 20, पीएचसी भूरा पर 30 व उपकेंद्र बुच्चाखेड़ी पर 100 लोगों को टीके लगाए गए।