अब हर जिले में समान रूप से होता है विकास - राणा
शामली। प्रदेश के गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा ने रविवार को गांव ताना में गन्ना विभाग की तरफ से बनाई गई सड़क का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है। सड़कों का जाल बिछाया गया है, जिससे हर गांव की मुख्य मार्गों और जिला मुख्यालय तक पहुंच आसान हुई है।
गन्ना विभाग की तरफ से बनाई गई 400 मीटर लंबाई की इस सड़क पर 27.50 लाख रुपये की लागत आई। रविवार को सड़क का लोकार्पण किया गया। इस दौरान गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी जिलों को समान मानते हुए विकास को प्राथमिकता दी, जबकि पूर्व की सरकारों में चुनिंदा जनपदों में धनराशि खर्च कर दी जाती थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर बदमाश मारे जा रहे हैं। पुलिस के खौफ से अपराधी कांप रहे हैं। प्रदेश में पूर्व की सरकारों के समय में अपराध का ग्राफ बढ़ा था, लेकिन अब अपराध घटे हैं। इस दौरान सुधीर प्रधान, भूपेंद्र सिंह मालैंडी, जिला गन्ना अधिकारी अनिल कुमार भारती, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक उपेंद्र कुमार, चीकू कुमार, सुधीर कुमार, नरेश कुमार, आशीष पंवार आदि मौजूद रहे।