शामली प्राइमरी स्कूल में सर्वेक्षण परख की परीक्षा का जायजा लेते डायट प्राचार्य । संवाद
शामली। सभी बोर्ड के कक्षा तीन, छह और नौ के छात्र-छात्राओं के बुधवार को परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण के तहत परीक्षा कराते हुए उनका भाषा और गणित का ज्ञान परखा। जनपद के 118 स्कूलों में परीक्षा कराई गई, जिसमें सभी जगह 3153 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। वहीं परीक्षा केंद्रों का डायट प्राचार्य ने जायजा लिया।
बुधवार को सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, सीबीएसई के सभी स्कूलों में कक्षा 3, 6 एवं 9 के लिए परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम को जनपद स्तर पर देख रहे डॉक्टर पंकज वशिष्ठ व डॉक्टर विकिन सहायक जिला समन्वयक परक राष्ट्रीय सर्वेक्षण ने बताया कि सभी स्कूलों में शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न हुई।
जनपद में सभी कक्षाओं की 118 स्कूलों में परीक्षा हुई। जिसमें कक्षा 3 के 32 विद्यालयों में 779 छात्रों के साथ 69 शिक्षक रहे, कक्षा 6 के 39 विद्यालयों में 986 छात्रों ने परीक्षा दी व 99 शिक्षक रहे, कक्षा 9 के 47 विद्यालयों में 1388 छात्रों एवं 181 शिक्षकों पर सर्वे किया गया। उन्होंने बताया कि कक्षा तीन में 45 प्रश्न, कक्षा 6 में 51 प्रश्न और कक्षा 9 में 60 प्रश्न की बहु परीक्षण पुस्तिकाओं का उपयोग किया गया।
योग्यता आधारित प्रशिक्षण प्रश्न एनसीईआरटी द्वारा तैयार किया गया है। जिसमें भाषा, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान से संबंधित प्रश्नों को पूछा गया। साथ ही सर्वे में छात्राओं के साथ उनको पढ़ाने वाले शिक्षक एवं स्कूल हेड मास्टर से भी टीचर एवं स्कूल क्वेश्चनर पर सर्वे किया गया। जिसके लिए कक्षा अनुसार फील्ड इन्वेस्टिगेटर को विद्यालय में भेजा गया था। स्कूलों में समय से सामग्री पहुंचाने के लिए ऑब्जर्वर को भेजा गया। मॉनिटरिंग डीएलसी परख डायट प्राचार्य संजय कुमार रस्तोगी, जिला विद्यालय निरीक्षक जनार्दन सिंह शाक्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लता राठौर ने केंद्रों का जायजा लिया। सीबीएसई के ऑब्जर्वर द्वारा भी स्कूलों का अनुश्रवण किया गया।