शामली। अगले वित्तीय वर्ष में जिले के कस्तूरबा गांधी विद्यालयों व परिषदीय विद्यालयों में मिड-डे मील के फल- दूध एवं सब्जी मसालों की आपूर्ति व ड्रेस सिलाई का कार्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से होंगे।
बुधवार को विकास भवन सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों व बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर बीएसए चंद्रशेखर ने अवगत कराया कि जिले के कस्तूरबा गांधी विद्यालयों- परिषदीय विद्यालयों में फल दूध एवं सब्जी की आपूर्ति एवं ड्रेस सिलाई तथा परिषदीय विद्यालयों में मसालों की आपूर्ति का कार्य जनपद के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा कराया जाएगा। इस संबंध में सभी कस्तूरबा गांधी विद्यालयों एवं परिषदीय विद्यालयों के प्रधान अध्यापकों को लिखित दिशा -निर्देश जारी कर दिए जाएंगे। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वत: रोजगार के उपायुक्त संजय कुमार, बीएसए चंद्रशेखर, कस्तूरबा गांधी विद्यालय की वार्डन रश्मि, रेणू, प्रतिभा, सुमन, डीसी सुभाष चंद, योजना के प्रंबधक दलगजन सिंह व महिला समूहो की प्रतिनिधि मौजूूद रही।
नोडल अधिकारी का दो दिवसीय दौरा आज से शुरू
शामली। लोकनिर्माण विभाग के विशेष सचिव एवं नोडल अधिकारी डॉक्टर राज शेखर का दो
दिवसीय दौरा बृहस्पतिवार से शुरू हो रहा है। विशेष सचिव डाक्टर राज शेखर शासन की प्राथमिकताओं एवं विकास कार्यक्रमों के प्रभावी अनुश्रवण एवं स्थलीय निरीक्षण करेंगे। लोक निर्माण विभाग के विशेष सचिव व नोडल अधिकारी डाक्टर राज शेखर के दो दिवसीय सरकारी कार्यक्रम के मुताबिक आठ मार्च को दोपहर तीन बजे कार्यालय
सचिव मंडी समिति शामली का निरीक्षण करेेंगे। दोपहर 3.30 बजे थाना आदर्श मंडी का निरीक्षण चार बजे समस्त विभागों की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभाकक्ष में होगी। नौ मार्च को प्रात: 8 बजे विकास खंड कैराना के गांव ऐरटी का भ्रमण निरीक्षण प्रात 9.30 बजे राजकीय इंटर कॉलेज इस्सोपुर खुरगान का निरीक्षण, 10.30 बजे जूडिशियल ब्राउंडीवाल कैराना के निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगेे। तथा 11 बजे नगर पालिका परिषद कैराना का निरीक्षण करेंगे।