कांधला (शामली)। पुलिस ने आरएएफ के जवानों के साथ कस्बा कांधला और क्षेत्र के कई गांवों में पैदल मार्च किया। आरएएफ की टीम ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और संवेदनशीलता के बारे में जानकारी जुटाई।
रविवार को आरएएफ 108 बटालियन के डिप्टी कमांडेंट अश्वनी कुमार सिंह ने कांधला थाना पुलिस को साथ लेकर कांधला के रेलवे रोड, मोहल्ला मोलानान, खैल, रायजादगान मैन बाजार, सरावज्ञान आदि मार्गों पर पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने कस्बे के लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। दोपहर बाद थाना प्रभारी ओपी चौधरी के साथ क्षेत्र के गांव गढ़ी श्याम, गंगेरू और गढ़ी दौलत में पैदल मार्च निकाला गया। बटालियन के डिप्टी कमांडेट ने बताया कि कांधला के साथ ही देहात क्षेत्र में लोगों से संपर्क कर संवेदनशील स्थानों की पहचान करने के साथ ही क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति की जानकारी ली गई। आरएएफ एक ऐसा संगठन है, जो त्वरित रूप से दंगे को नियंत्रित करने में सक्षम है। इस दौरान उपनिरीक्षक रामकुमार, बीपीएस रावत, अनूप सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।