300 परिवारों को नहीं मिल रहा राशन
जलालाबाद। कस्बे के मोहल्ला गंगा आर्य नगर और आर्य नगर के करीब तीन सौ राशन कार्ड धारकों को छह महीने से राशन नहीं मिल पा रहा है। उन्हें सही जानकारी भी नहीं दी जा रही कि किस दुकान से उन्हें राशन मिलेगा। सभासद ने डीएम से मामले की शिकायत कर उपभोक्ताओं की समस्या के समाधान की मांग की है।
सोमवार को कांति पत्नी प्रताप, कांति पत्नी रघुवीर, रेशमा पत्नी रविंदर, राजपाल पुत्र नगीना, माया पत्नी रकम सिंह, प्रिया पत्नी प्रीतम सिंह, सत्तो पत्नी शिवकुमार आदि पहले मोती बाजार में सहकारी संघ की दुकान पर राशन लेने के लिए पहुंचे। वहां से उन्हें कटहरा बाजार सलीमुल्ला खान की राशन दुकान पर भेज दिया गया। सलीमुल्ला की राशन दुकान से शाहिदा बेगम की राशन दुकान पर भेजा गया। वहां भी उन्हें राशन नहीं मिल सका। केंद्र सरकार ने प्रत्येक राशन कार्ड धारक के लिए सुविधा दी है कि वह किसी भी राशन दुकान से सामान ले सकता है। लेकिन कोटेदार इन नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। नामित सभासद अशोक कोरी ने जिलाधिकारी को राशन कार्ड धारकों की समस्या के बारे में मांग पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि एसडीएम सदर ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सभी राशन कार्डधारक वार्ड-2 गंगा आर्य नगर के हैं। इसी वार्ड में राशन की दुकान संदीप की है। कार्डधारकों की मांग है कि सभी कार्ड धारकों को संदीप की राशन की दुकान पर स्थानांतरण कर दिया जाए व प्रत्येक कोटेदार ई-पॉश मशीनों से निकलने वाली राशन विवरण की पर्ची राशन के साथ अवश्य दें। इस विवरण पर्ची से राशन कार्ड धारकों को सामान की मात्रा की सही जानकारी हासिल हो सकेगी। उन्हें परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।