शामली। जिला प्रशासन ने स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। इस बार निकाय चुनाव में जिले की पालिका एवं नगर पंचायतों के वार्र्डों के परिसीमन में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। उधर, एसडीएम ने नगरपालिका निर्वाचन कार्यालय से गणना में गैरहाजिर रहने वाले, सामग्री प्राप्त नहीं करने वाले 25 प्रगणकों का एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की है।
शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में निकाय चुनाव के मद्देनजर हुई बैठक में एसडीएम एमपी सिंह ने प्रगणकों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रप़त्र तीन में प्रगणक द्वारा कालम तीन मेें पिछड़ी जाति के परिवार के मुखिया सहित सभी सदस्यों की संख्या का क्रमांक डालते हुए उनका नाम अंकित करने के निर्देश दिए। अगले परिवार के सदस्यों के नाम का क्रमांक उसी के आगे से जारी रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि पिछड़ी जाति के व्यक्तियों के संख्या संबंधी प्रगणक स्तर पर तैयार कर कागजात प्रभारी अधिकारी कार्यालय में जमा कराएंगे।
इस अवसर पर कुल 102 प्रगणकों में से 25 प्रगणक गैरहाजिर रहे। एसडीएम सदर एमपी सिंह ने बताया कि बैठक से गैरहाजिर रहने वाले 25 प्रगणकों का एक दिन का वेतन काटने की डीएम को संस्तुति की है।
एडीएम भरत पांडे ने बताया कि जिले में कैराना- शामली, कांधला, नगर पालिकाओं, एलम, गढ़ीपुख्ता, बनत, थानाभवन, जलालाबाद, झिंझाना, ऊन नगर पंचायतों के वार्डों के परिसीमन में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
एडीएम ने किया गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण
शामली। एडीएम भरतजी पांडेय ने शनिवार को नवीन मंडी में गेहूं क्रय केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। खाद्य विभाग और पीसीएफ का एक-एक खरीद केंद्र नवीन मंडी में बनाया गया है। अपर जिलाधिकारी के मुताबिक क्रय केन्द्रों पर किसानों के लिए पेयजल, छाया की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। उन्होंने किसानों से अपील कि गेहूं क्रय केन्द्रों पर अपना गेहूं बेचें। गेहूं बिक्री कर उसका भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में तत्काल पहुंचाया जाएगा।