अमर उजाला ब्यूरो
शामली। होली के त्योहार पर स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारी की है। जिले के सभी सरकारी अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सकों की ड्यूटी का रोस्टर तैयार किया गया है। अस्पतालों में इमरजेंसी ड्यूटी और इमरजेंसी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी।
दुल्हैंडी के दिन शराब पीकर हुड़दंग करने और नशे में वाहन चलाने से दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है। शराब के नशे में झगड़ा फसाद भी होने की आशंका बनी रहती है, जिसमें लोग घायल होते हैं। दुल्हैंडी के दिन अधिकतर क्लीनिक और प्राइवेट अस्पताल दोपहर तक बंद रहने के कारण चिकित्सा का पूरा दारोमदार सरकारी अस्पतालों पर ही रहेगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी करने का दावा किया है। सीएमओ डाक्टर संजय भटनागर ने जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी पर चिकित्सकों की ड्यूटी का रोस्टर तैयार कराया है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाक्टर सुशील कुमार ने बताया कि दुल्हैंडी के दिन जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी में चिकित्सा की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। इमरजेंसी ड्यूटी के साथ ही इमरजेंसी चिकित्सा उपलब्ध रहेगी। इसके लिए सभी चिकित्सा प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं।