कैराना में 72 स्थानों पर हुआ होलिका दहन
कैराना। होली पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। क्षेत्र में आईटीबीपी के जवान होलिका स्थलों के आसपास तैनात किया गया। देर रात 72 स्थानों पर होलिका दहन किया गया।
कैराना क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए यहां पुलिस-प्रशासन विभिन्न पर्वों पर सुरक्षा के खासा बंदोबस्त करता है, क्योंकि लगभग छह वर्ष पूर्व बुच्चाखेड़ी गांव में समय से पूर्व होलिका दहन किए जाने से बवाल हो गया था। इन्हीं सबको मद्देनजर रखते हुए बुधवार को कैराना में भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की एक कंपनी पहुंची हुई है। आईटीबीपी के सब इंस्पेक्टर पीके सिंह के नेतृत्व में जवानों की होलिका दहन स्थलों के आसपास में तैनाती की गई, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व माहौल न बिगाड़ सके। बुधवार देर रात क्षेत्र में 72 स्थानाें पर होलिका दहन किया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार नागर ने बताया कि आईटीबीपी के जवानों की एक कंपनी को सुरक्षा के दृष्टिगत होलिका दहन स्थलों के आसपास तैनात किया गया है। भूरा गांव पर विशेष नजर रहेगी और यहां पर भी आईटीबीपी के जवान मुस्तैद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि दुल्हैंडी के दिन जवान शांति एवं सुरक्षा के दृष्टिगत नगर व क्षेत्र में गश्त करते रहेंगे।