सरकार की प्राथमिकता में हो श्रीराम मंदिर का निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। उत्तराखंड के चार धाम में से एक गंगोत्री धाम हिमालय के रावल शिवप्रकाश महाराज ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण सरकार की प्राथमिकता में होना चाहिए। मंदिर निर्माण का रास्ता सरकार को ही निकालना चाहिए।
रविवार को गंगोत्री धाम से पानीपत जाते समय रावल शिवप्रकाश महाराज शामली में बड़ा बाजार स्थित पूर्व सभासद मनोज मित्तल के प्रतिष्ठान पर पहुंचे। उनके यहां आने की भनक लगते ही भक्तजनों ने पहुंचकर महाराज श्री से आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने भक्तों को धर्म और नीति पर चलने का उपदेश दिया। मां गंगा को निर्मल व शुद्ध रखने के लिए लोगों को जागरूक होना चाहिए। इस अवसर पर दीपक गुप्ता, प्रमोद मित्तल, सौरभ मित्तल, अजय वर्मा, नितिन संगल, प्रवीण कुमार व विकास तायल आदि मौजूद रहे।