अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। बाईपास रोड स्थित विस्थापित सफा कॉलोनी में मंगलवार सुबह विद्युत पोल पर शॉर्ट सर्किट के कारण निकली चिंगारी से दो घरों में आग लग गई। घंटों की मशक्कत के बाद लोगों ने पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया।
बाईपास रोड स्थित विस्थापित सफा कॉलोनी में गुलसेम के मकान की दीवार की बराबर में विद्युत पोल लगा है। मंगलवार तड़के करीब चार बजे अचानक शॉर्ट सर्किट होने के कारण निकली चिंगारी से उसके घर में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पड़ोस में रहने वाले नाजिम के मकान में भी आग की लपटें पहुंच गई। उसके मकान में भी आग लग गई। कॉलोनी के लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही लोगों ने आग पर काबू पा लिया। आग में गुलसेम के मकान में खड़ी मोपेड, कपड़े, लकड़ी और नाजिम के मकान से भी हजारों का सामान जल गया। साथ ही घरों के बाहर लगे विद्युत मीटर भी आग की तपिश में पिघल गए। बताया गया कि दोनों विस्थापित क्षेत्र में फेरी लगाकर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। हादसे के समय गनीमत रही कि दोनों घरों में अंदर सो रहे परिजनों और बच्चों को किसी तरह सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया गया।