भगवान आशुतोष की महाआरती में श्रद्धा का सैलाब
शामली। शिवरात्रि के उपलक्ष्य में शहर के शिवचौक स्थित मंदिर पर महाआरती का आयोजन किया गया। विधि विधान से भगवान आशुतोष का पूजन हुआ और जलाभिषेक के बाद महाआरती हुई। महाआरती देखने को शहर और देहात के श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जिस कारण पुलिस को भी व्यवस्था बनाने में मशक्कत करनी पड़ी।
शामली में शिवचौक स्थित मंदिर में हर साल शिवरात्रि पर महाआरती का आयोजन किया जाता है। बृहस्पतिवार को रात आठ बजे हुई महाआरती में शामली से विधायक तेजेंद्र निर्वाल, जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार और सहायक पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। शिव मंदिर के पंडित संजय शास्त्री द्वारा महाआरती में शामिल अतिथियों को पटका पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद विधि विधान से पूजन और भगवान आशुतोष को जलाभिषेक कराया। फिर महाआरती कराई गई। महाआरती के दौरान हर हर महादेव और बोल बम का जयघोष गूंज उठा। महाआरती देखने के लिए शहर और देहात के श्रद्धालुओं की भीड़ शिवचौक पर पहुंची थी। वहीं, मंदिर समिति की ओर से अतिथियों को भगवान शिव की प्रतिमा स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की गई। महाआरती के दौरान सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह, नगरपालिका परिषद शामली के पूर्व चेयरमैन अरविंद संगल, सिल्वर बेल्स स्कूल के चेयरमैन अजय संगल, पूर्व सभासद मनोज मित्तल सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
कुछ देर के लिए रोक दिया ट्रैफिक
शिवचौक पर महाआरती के दौरान ज्यादा भीड़ होने के कारण रास्ता जाम हो गया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिसकर्मी वहां तैनात रहे। साथ ही शिवचौक से यातायात को डायवर्ट कर दिया गया। महाआरती संपन्न होने के बाद यातायात सुचारु हुआ।