मंदिर में स्थापित कराया गया दूसरा शिवलिंग
चौसाना (शामली)। क्षेत्र के गांव गढ़ी हसनपुर स्थित दुर्गामंदिर में दूसरा शिवलिंग विधि विधान से पूजन के साथ स्थापित कर दिया गया। शिवलिंग को अराजक तत्वों ने खंडित कर दिया था, जिसके बाद पुलिस ने दूसरा शिवलिंग स्थापित कराने का भरोसा दिया था।
गांव गढ़ी हसनपुर में मंगलवार की रात अराजक तत्वोें ने फिजा खराब करने की साजिश के तहत शिवलिंग खंडित कर दिया था। बुधवार सुबह इसका पता चलने पर लोगों में रोष व्याप्त हो गया था। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि दूसरा शिवलिंग स्थापित कराया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद मंदिर समिति के एक पदाधिकारी को पुलिस के साथ हरिद्वार से दूसरा शिवलिंग लाने भेज दिया था। उधर, बाद में शाम से ही विद्वान सात पंडितों ने मंदिर में नया शिवलिंग स्थापित करने के लिए पूजन शुरू कर दिया था। बृहस्पतिवार सुबह करीब दस बजे पूजन कराया गया और शिवलिंग को स्थापित कराने के लिए गांव में शोभायात्रा और कलश यात्रा निकाली गई। गांव की परिक्रमा करने के बाद मंदिर में शिवलिंग की स्थापना संपन्न हुई। इस दौरान चौसाना चौकी प्रभारी अवधेश शर्मा, नाथीराम मित्तल, सचिन, ऋषभ, अमित, संजीव रोड, डाक्टर प्रवीण, राजेश मित्तल, आत्माराम, विदित, शोकिन्ना, रामकुमार कश्यप, सोमपाल सैनी, सुशील मित्तल, नितिन रोड, प्रदीप कश्यप और लोकेश गर्ग आदि मौजूद रहे।
-