बॉयोमेट्रिक हाजिरी लगाने के विरोध में धरने पर बैठीं स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, एएनएम और अन्य फील्ड स्वास्थ्य कर्मियों के साथ मुजफ्फरनगर का संगठन भी कूद गया है। मुजफ्फरनगर से पहुंची तीन सदस्य टीम ने शामली स्वास्थ्य विभाग को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। कहा कि इस नियम को खत्म नहीं किया गया तो मुजफ्फरनगर में भी धरना शुरू किया जाएगा।
डीएम शामली के निर्देेश पर स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारियों की हाजिरी बॉयोमैट्रिक से लगाने का नियम जारी कर दिया था। बॉयोमेट्रिक से हाजिरी नहीं लगाने पर इनकी तनख्वाह भी रोक दी गई थी। जिसका स्वास्थ्य विभाग की सभी एएनएम, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सहित अन्य फील्ड स्वास्थ्य कर्मी विरोध कर रहे हैं। उन्होंने सोमवार से सीएमओ कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया था। मंगलवार को इस धरने को ओर बल मिल गया। मुजफ्फरनगर से पहुंची मातृ शिशु कल्याण संघ मुजफ्फरनगर की पूर्व अध्यक्ष शशि तोमर और वर्तमान अध्यक्ष ओमा तथा महामंत्री बीना और प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष मितलेश शर्मा ने शामली के सभी फील्ड स्वास्थ्य कर्मचारियों को अपना समर्थन दे दिया। कहा कि यदि तीन दिन के अंदर इस समस्या का समाधान नहीं होता तो मुजफ्फरनगर में धरना शुरू करने के साथ ही पूरी यूपी में कार्य का बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष लोकेश चौधरी, महामंत्री ऊषा, रानी, कमलेश, बिमलेश, कमलेश पंवार, कौशल्या, नीलम, शशि, सीमा, सुदेश, संगीता, गीता, सुधा, सुकर्मा, सुनीता आदि मौजूद रहे।