थानाभवन। प्रदेश के गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा ने कहा कि लाला लाजपत राय का जीवन शक्ति और हिम्मत का परिचायक है, जिन्होंने अंतिम सांस तक आजादी की लड़ाई लड़ी और राष्ट्र के लिए प्राण तक न्योछावर कर दिए।
रविवार को कस्बा थानाभवन स्थित लाला लाजपत राय इंटर कॉलेज के वार्षिकोत्सव और लाला लाजपत राय की 154 वीं जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा ने लाला लाजपतराय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने में लाला लाजपत राय का योगदान अविस्मरणीय है। देश को आजाद कराने के लिए अंतिम सांस तक लड़ते रहे। हमें उनके साहस के सामने नतमस्तक होकर उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि आजादी के दीवाने लाला लाजपत राय के नाम से कस्बा थानाभवन में विद्यालय चल रहा है, जिस संस्थान का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम से हो वहां तो राष्ट्र प्रेरणा के बालक स्वत: ही पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि मुझे भी गर्व है कि मैं भी इसी संस्था से पढ़कर निकला हूं। वहीं, राज्य मंत्री सुरेश राणा ने विद्यालय में 20 कंप्यूटर सेट लगवाने, स्कूल गेट से सड़क तक इंटरलॉकिंग टाइल्स लगवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेंद्र शर्मा ने लाला लाजपत राय के जीवन काल से जुड़ी कई घटनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों से कहा कि यदि जीवन में ऊंचाई पर पहुंचना है तो गुरुजनों का सम्मान करना होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्रबंधक प्रमोद कुमार गोयल ने और संचालन आदिल खान ने किया। कार्यक्रम में प्रमोद गोयल, विनोद गोयल, कुलदीप गर्ग, यशपाल तायल, नरेंद्र सैनी, विशाल, रविंद्र गोयल, संजय सिंह, अमित मित्तल, अनलि गोयल, बृजेश वाल्मीकि आदिल खान, देवचंन प्रसाद, दान बहादुर, कृष्ण मोहन, लवलेश कुमार, प्रेम प्रकाश, लोकेश कुमार, गंगाराम मौर्य, सुरेंद्र नाथ, कृपा सिंह, जितेंद्र कुमार और सुरेश सैनी आदि उपस्थित रहे।