कस्बा झिंझाना स्थित डी सेंट पब्लिक स्कूल के प्रबंधक ऋषिपाल सिंह ने गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा को प्रार्थना पत्र देकर परीक्षा केंद्र बदलवाने की मांग की।
प्रबंधक ने बताया कि 2018 में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं में उनके स्कूल की 21 छात्राओं का सेंटर लपराना स्थित स्कूल बनाया गया है। प्रबंधक का कहना है कि वहां पहुंचने का रास्ता ठीक नहीं है तथा आपराधिक वारदातें भी होती हैं। इसके चलते छात्राओं का वहां परीक्षा देने जाना मुमकिन नहीं है। मांग है कि परीक्षा केंद्र ऊन या झिंझाना के आसपास ही बनाया जाए। इस पर गन्ना राज्य मंत्री सुरेश राणा ने जिला विद्यालय निरीक्षक को शिकायत का संज्ञान लेकर समस्या का समाधान कराने के लिए कहा है।
सुरेश राणा ने दिया राष्ट्रवाद का नारा
झिंझाना। गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने सोमवार को झिंझाना में सभा के दौरान कहा कि अब कैराना से पलायन नहीं होगा। पूर्व की सरकारो में गुंडा तत्व आमजन पर हावी था, लेकिन अब वही पुलिस है और वही हथियार हैं, लेकिन बदमाशों की इतनी हिम्मत नहीं कि किसी से रंगदारी मांग सके। इसका कारण है प्रदेश में सुशासन आ गया है। अब मीडिया की सुर्खियों में इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी होती है, जबकि सपा के कार्यकाल के दौरान अपराध बढ़े थे। इस दौरान भाजपा के कई नेता मौजूद रहे।
दुकानदार ने सिक्के लेने से किया इंकार, विवाद
थानाभवन। कस्बा थानाभवन निवासी साकिब पुत्र इसरार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि घंटाघर स्थित कंफेक्शनरी से वह सामान खरीदने गया था। नमकीन और बिस्कुट लेने के बाद जब भुगतान दिया, तो दुकानदार ने सिक्के लेने से इंकार कर दिया। विरोध करने पर उसके साथ गाली गलौज की गई। उसी दौरान पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि दुकानदार ने पुलिसकर्मियों के सामने भी अभद्रता की। थाना प्रभारी एमएस गिल ने बताया कि आरबीआई के निर्देशों के मुताबिक कोई भी दुकानदार सिक्के लेने से इंकार नहीं कर सकता है। पीड़ित साकिब की तरफ से तहरीर मिली है, उस पर जांच कराई जा रही है।