शामली-करनाल हाईवे पर गुंडों का आतंक व्याप्त है। पिछले कई दिनों से पुलिस चौकी से मात्र पांच सौ मीटर दूरी पर दस बजे से सुबह पांच बजे तक डंडे के जोर पर वाहनों से गुंडा टैक्स वसूला जा रहा है, जबकि पुलिस मामले में जानबूझकर अंजान बने बैठी हुई है। स्थानीय लोगों ने एसपी से शिकायत कर अवैध वसूली कर रहे युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
करनाल हाईवे स्थित गांव अहमदगढ़ पुलिस चौकी के निकट रात में करीब 10 बजे के बाद कई युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर सड़क पर आ जाते हैं। दोनों ओर से सड़क को अवरुद्ध कर आने-जाने वाले ट्रकों से रिफलेक्टर लगाने के नाम पर दो सौ रुपये वसूल रहे है। यदि कोई रुपयेे नहीं देेता तो उसकी डंडों से पिटाई की जा रही है। कुछ वाहन चालकों ने पुलिस चौकी अहमदगढ़ पर अपनी व्यथा सुनाई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। इस संबंध में थाना प्रभारी भगवत सिंह का कहना है मामला जानकारी में नही है। किसी वाहन चालक ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। मामले की जांच कराई जायेंगी। उधर, ग्रामीण ज्ञानसिंह, फकीर सिंह, गोल्डी, शेर सिंह पूर्व प्रधान, राम सिंह, जितेंद्र चौहान, सुरेश, लाटूराम आदि ने एसपी को फोन कर मामले की जानकारी देकर उगाही कर रहे युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।