क्षेत्र के गांव रजाक नगर में आबादी से सटे तालाब की जेसीबी से खुदाई कराने पर ग्रामीणों ने अधिकारियों से शिकायत की है। आरोप है कि खुदाई के दौरान निकली मिट्टी को व्यक्तिगत हित में निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के भराव में इस्तेमाल करा दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि तालाब की खुदाई जेसीबी से कराने के कारण बराबर की सड़क भी खतरे में आ गई है, क्योंकि खुदाई बहुत गहरी और सड़क से सटाकर की गई है। मंगलवार को एसडीएम ऊन और बीडीओ वितिन कुमार राठी को शिकायत कर मामले की जांच कराने की मांग की गई है। एसडीएम ऊन ने बताया कि ग्राम प्रधान को अभिलेखों के साथ बुधवार को तहसील में बुलाया गया है। वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में शौचालय निर्माण में भी गड़बड़ी की गई है। पात्र लोगों के यहां शौचालय नहीं बनवाए गए। शिकायत करने वालो में राजकुमार, अमित मलिक, साहनबीरी, राजीव, पूरण, तेजपाल, सागर, बादल, आदेश, शौकिंद्र, राजेंद्र, काजल व ब्रजपाल व संजीव मलिक आदि शामिल हैं। उधर, इस बारे में प्रधान विमलेश के पति विनोद कश्यप का कहना है कि तालाब की खुदाई जेसीबी से नहीं कराई गई, बल्कि तालाब के गंदे पानी की निकासी के लिए नाला खुदवाया गया था। उसमें से निकली सिल्ट को बगैर किसी लाभ के दे दिया गया।