बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामकुमार निर्वाचित
अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। बार एसोसिएशन कैराना की वर्ष-2019 की नई कार्यकारिणी के गठन हेतु सोमवार को पांचों पदों पर चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबले में रामकुमार वशिष्ठ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजबीर सिंह को 6 मतों से पराजित किया, जबकि महासचिव पद पर नसीम अहमद विजयी हुए। इनके अलावा कोषाध्यक्ष, सह सचिव प्रशासनिक एवं सह सचिव पुस्तकालय पदों पर भी कांटे की टक्कर देखने को मिली। एल्डर कमेटी द्वारा चुनाव परिणाम घोषित किए जाने के बाद अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी मनाई।
सोमवार को बार एसोसिएशन कैराना के चुनाव के लिए बार भवन में सुबह नौ बजे एल्डर कमेटी के चेयरमैन शमीम अहमद अल्वी, सदस्य के के शर्मा, मुख्त्यार हुसैन, सिदकराम व चौधरी शैलेन्द्र कुमार की देखरेख में मतदान कार्य शुरू हुआ। मतदान को लेकर अधिवक्ता वोटरों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह मतदान प्रतिशत कम रहा, लेकिन धीरे-धीरे दोपहर तक बढ़ता गया। दोपहर दो बजे तक मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। कुल 236 मतदाताओं में से 231 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके बाद कुछ देरी के लिए लंच करने के बाद एल्डर कमेटी द्वारा मतगणना शुरू की गई। अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबले में रामकुमार वशिष्ठ, महासचिव पद पर नसीम अहमद, कोषाध्यक्ष पद पर दिनेश कुमार, सहसचिव प्रशासनिक प्रदीप कुमार शर्मा व सहसचिव पुस्तकालय पद पर विनोद कुमार को विजयी घोषित किया गया। तत्पश्चात नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र दिए गए। वहीं, चुनाव परिणाम आने के पश्चात अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खूब जश्न मनाया तथा मुबारकबाद पेश की।
प्रत्याशियों को मिले मत
अध्यक्ष पद-रामकुमार वशिष्ठ 113, राजबीर सिंह 107, नकली सिंह सैनी 9
महासचिव पद-नसीम अहमद 140, आलोक चौहान 89
कोषाध्यक्ष पद- दिनेश कुमार 114, रविन्द्र कुमार 107
सहसचिव प्रशासनिक -प्रदीप कुमार शर्मा 124, नीरज चौहान 106
सहसचिव पुस्तकालय-विनोद कुमार 123, कुलदीप सिंघल 78
इन पदों पर निर्विरोध हुए थे घोषित
बार एसोसिएशन चुनाव में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर विरेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष पद पर राजकुमार चौहान, वरिष्ठ सदस्यगण पद पर जयपाल सिंह, भगवान दास चौहान, विरेंद्र कुमार व ब्रिजेश कुमार तथा कनिष्ठ सदस्य पद पर रिजवान अली, इमरान अहमद एवं आसमोहम्मद को एल्डर कमेटी द्वारा पूर्व में ही निर्विरोध घोषित किया जा चुका था। इन्हें भी प्रमाण पत्र सौंप दिए गए हैं।