शामली। शहर की सीबी गुप्ता कालोनी में एक व्यक्ति ने मानसिक तनाव के चलते मिट्टी का तेल छिड़कर खुद को आग लगा लगी। गंभीर रूप से झुलसने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया।
शामली कोतवाली क्षेत्र में सीबी गुप्ता कालोनी निवासी राजेंद्र कुमार शर्मा (48) काफी समय से मानसिक तनाव में चल रहा था। राजेंद्र की पत्नी शहर के एक पब्लिक स्कूल में अध्यापिका हैं, जबकि उनका पुत्र देहरादून में पढ़ता है। शनिवार दोपहर राजेंद्र घर पर अकेला था, इसी दौरान कमरे में बंद होकर मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग लगा ली। शोर मचने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। साथ ही शामली कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर उसको बाहर निकाला और आग बुझाई। तब तक राजेंद्र गंभीर रूप से झुलस चुका था। इसके बाद एंबुलेंस बुलवाकर उसको सीएचसी शामली ले जाया गया। जहां से उसे गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मानसिक तनाव किस बात को लेकर था, इस बारे में अभी परिजन ज्यादा कुछ बता नहीं पाए हैं।
पूर्व में भी कर चुका है आत्महत्या की कोशिश
राजेंद्र ने इससे पूर्व भी आत्महत्या की कोशिश की थी। करीब तीन महीना पूर्व उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया था। परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज कराया था। हालत में सुधार होने पर कुछ दिन पूर्व ही वह घर लौटा था।
परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलने पर राजेंद्र की पत्नी और अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। वहां पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार को संभालने के लिए राजेंद्र की पत्नी पूरी मेहनत कर रही हैं तथा खुद भी स्कूल में नौकरी करती हैं।