मतदान के दौरान गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई : डीएम
शामली। कैराना लोकसभा उप निर्वाचन के मद्देनजर सोमवार को होने वाले मतदान के लिए 941 पोलिंग पार्टियां ईवीएम व वीवी पैट मशीन और मतदान सामग्री के साथ मतदेय स्थलों के लिए रवाना हो गई है। पोलिंग पार्टी रवाना होने से पूर्व चुनाव प्रेक्षक आर गिरीश की मौजूदगी में डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि कैराना लोकसभा उपचुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराना उनका मुख्य मकसद है। मतदान के दौरान गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
रविवार को भैैैंसवाल रोड स्थित नवीन मंडी स्थल के चबूतरों पर मतदान कर्मचारियों का आना प्रारंभ हो गया था। दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक कैैराना, शामली, थानाभवन विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों के लिए 941 पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। एक पोलिंग पार्टी में पांच कर्मचारी लगाए गए हैं। शाम चार बजे तक मंडी स्थल से सभी पोलिंग पार्टियां मतदेय स्थलों के लिए रवाना हो गई थी। जिले के ग्राम्य विकास विभाग के परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी ने बताया कि जिले में कुल 1037 पोलिंग पार्टी का गठन किया गया है, जिसमें कुल 5185 मतदान कार्मिक की ड्यूटी लगाई गई थी। पोलिंग पार्टियों में 941 पोलिंग पार्टी मतदेय स्थल के लिए रवाना हुई है। 96 पोलिंग पार्टियों को आरक्षित रखा गया है। उन्होंने बताया कि कैराना लोकसभा उपचुनाव का मतदान सोमवार को सुबह 7 बजे से प्रारंभ होकर शाम छह बजे समाप्त होगा। शामली और सहारनपुर जिले के 118 मतदान स्थलों पर वेब कास्टिंग कराई जाएगी। इस मौके पर सीडीओ रेणू तिवारी, डीडीओ बलराम कुमार, उपकृषि निदेशक रामवीर कटारा, जिला गन्ना अधिकारी डाक्टर अनिल भारती, राष्ट्रीय आजीविका मिशन योजना के उपायुक्त संजय कुमार समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूूद रहे।