लाइसेंस बनवाने के नाम पर हो रही वसूली : मिश्रा
कांधला (शामली)। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष पंडित श्याम बिहारी मिश्रा ने कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद देश में अराजकता का माहौल पैदा हुआ है। व्यापार चौपट हो गए हैं, तो लाइसेंस बनाने के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है।
रविवार को कस्बा कांधला के मोहल्ला सरावज्ञान स्थित थोक बाइस हवेलीयान में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की बैठक हुई। व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष पंडित श्याम बिहारी मिश्रा ने कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद से देश में अराजकता का माहौल बना हुआ है। सरकारी अधिकारी लाइसेंस बनाने के नाम पर व्यापारियों से सुविधा शुल्क ले रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को अमेरिका बनाने चाहते हैं, जबकि देश में आधारभूत सुविधाएं भी नहीं है। बैंकों में रोजाना कनेक्टिविटी खराब रहती है, जिस कारण बैंकों में कई कई दिन तक लेनदेन नहीं होता है। ग्रामीण अंचल की स्थिति और भी खराब है। ऐसें में जीएसटी का लागू करना व्यापारियों के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश स्तरीय चुनाव के लिए प्रदेश के दौरे पर निकला हूं और व्यापारियों की समस्या सुनकर जीएसटी कांउसिल की मीट़िंग में निराकरण कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 7 और 8 अप्रैल को प्रदेश कार्यकारिणी के चुनाव कानपुर में संपन्न होंगे। बैठक का संचालन श्रीकांत जैन नगर महामंत्री ने किया। इस दौरान ईश्वर दयाल कंसल, विपिन कुच्छल, संजीव अग्रवाल, निधिश मित्तल, ईदरीश अंसारी, सुरेश चंद जैन आदि व्यापारी मौजूद रहे।