शामली। बोर्ड परीक्षा देने वाले जनपद के सभी कृषि वर्ग के छात्रों के प्रवेश पत्रों में खामियां मिली हैं। जिससे छात्र काफी परेशान हैं।
छह फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए सभी छात्र-छात्राओं के बोर्ड द्वारा भेजे गए प्रवेशपत्र डीआईओएस कार्यालय से कॉलेज प्रधानाचार्यों को दे दिए हैं। जिसके बाद बृहस्पतिवार से कॉलेजों में प्रवेश पत्रों का वितरण कार्य चल रहा है। शुक्रवार को आरके कॉलेज शामली और बाबू जवान सिंह इंटर कॉलेज में कृषि वर्ग के छात्र प्रवेश पत्र लेने पहुंचे तो उन सभी के प्रवेश पत्रों में खामियां मिली। जिनमें छात्र के फोटो के स्थान पर अन्य छात्रों के फोटो लगे नजर आए। प्रवेश पत्रों नाम, पिता का नाम, स्कूल का नाम सभी सही है। जबकि फोटो अन्य दूसरे जिले के छात्र का फोटो लगा है। जिसमें शामली के आरके कॉलेज के कक्षा-11 और 12 के करीब 230 छात्र और बाबू जवान सिंह इंटर कॉलेज खंद्रावली में 66 छात्रों के प्रवेश पत्रों में खामियां मिली। प्रवेश पत्र और परीक्षा के बीच कम समय रहते हुए सभी छात्र बेहद परेशान नजर आए।
आरके कॉलेज के प्रधानाचार्य लोकेंद्र सिंह और खंद्रावली के प्रधानाचार्य हीरा सिंह ने सभी छात्रों से उनका पासपोर्ट साइज का दूसरा फोटो मंगवाकर उसके ऊपर चिपकवाकर उसे सत्यापित कर छात्रों की परेशानी को दूर किया। प्रवेशपत्रों के साथ ही बोर्ड से आई छात्रों की उपस्थिति पपत्र में भी फोटो बदले हुए है। परीक्षा में प्रवेश पत्रों से ही मिलान किया जाएगा। खामियों की शिकायत डीआईओएस कार्यालय शामली, क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ और बोर्ड कार्यालय इलाहाबाद को दे दी गई है। अन्य कॉलेजों में भी प्रवेश पत्र लेने के लिए सुबह से छात्र छात्राओं भीड़ लगी रही।