जनपद में इसी सत्र ने जवाहर नवोदय विद्यालय का शुभारंभ होने जा रहा है। विद्यालय कैराना क्षेत्र ऊंचा गांव स्थित बीआरसी की बिल्डिंग में चलेगा। नवोदय प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट घोषित हो चुका है, लेकिन अभी बिल्डिंग में मरम्मत कार्य पूरा न होने के कारण दाखिले की प्रक्रिया में थोड़ा समय लगेगा।
जवाहर नवोदय प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट चार जुलाई को घोषित हो चुका है। जिसमें अबकी बार शामली जनपद का रिजल्ट मुजफ्फरनगर से अलग घोषित किया गया। जिसमें शामली के पांच ब्लॉकों के बच्चों के लिए कक्षा छह में दाखिला लेने के लिए 40 सीटें मिली हैं। जनपद में इसी सत्र से नवोदय विद्यालय का शुभारंभ ऊंचा गांव स्थित बीआरसी की बिल्डिंग में अस्थाई रुप से चलेगा। जिसमें पिछली आठ जनवरी से मरम्मत कार्य चल रहा है। मरम्मत कार्य अधूरा होने व शौचालय का निर्माण पूरा न होने के कारण अभी दाखिला प्रक्रिया में देरी लगेेगी। मुजफ्फरनगर के बघरा स्थित नवोदय विद्यालय मेें दाखिला प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बघरा कार्यालय में मौजूद क्लर्क विपिन शर्मा ने बताया कि शामली जनपद में दाखिला प्रक्रिया शौचालय निर्माण अधूरा होने के कारण अगस्त माह के पहले सप्ताह में ही शुरू हो पाएंगे।
बिल्डिंग में तीन वर्षों तक अस्थायी रूप से विद्यालय चलेगा। जिसके बाद भैंसवाल में बिल्डिंग बन जाने के बाद वहां पर शिफ्ट कर दिया जाएगा। विद्यालय में कक्षा छह में 40 दाखिले होंगे। प्रधानाचार्य का चार्ज वंदना मेहता को दिया गया है। जिन्होंने परीक्षा पास करने वाले बच्चों से संपर्क करना शुरू कर दिया है। जल्द ही लखनऊ से शिक्षकों की तैनाती भी कर दी जाएगी। अगस्त माह में जल्द से जल्द दाखिला कर शिक्षण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।