मस्जिद में इमाम के मकान में चोरी
कैराना।
कोतवाली कैराना क्षेत्र के गांव मवी में मस्जिद परिसर में इमाम के मकान का ताला तोड़कर एक लाख 10 हजार रुपये नकदी और जेवर चोरी कर लिए गए। मस्जिद में मौजूद एक युवक ने मकान से बाहर निकलते हुए युवक को देखकर शोर मचाया, जिस पर आरोपी युवक फरार हो गया। इमाम ने ग्रामीणों के साथ कैराना कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी।
गांव तीतरवाड़ा निवासी इकराम गांव मवी स्थित मस्जिद में इमाम है। मस्जिद परिसर में ही बने मकान में वह परिवार सहित रहते हैं। दो दिन पूर्व इकराम ईद का त्योहार मनाने के लिए मकान के ताले बंद करके परिवार सहित तीतरवाड़ा गए थे। मस्जिद की देखभाल के लिए गांव के ही शमीम को छोड़कर गए थे। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे शमीम ने देखा कि एक युवक मकान की सीढ़ी से उतर कर बाहर भाग गया तो उसने शोर मचा दिया। इसके बाद ग्रामीण इकट्ठा हुए तथा मकान के गेट का ताला टूटा देखकर इमाम इकराम को सूचना दी। इसके बाद इकराम भी मौके पर पहुंच गए। इमाम ने बताया कि बेटी तथा बेटे की शादी के लिए अलमारी में एक लाख 10 हजार रुपये, एक किलो चांदी के जेवर तथा सोने की दो बांधवा हसली रख रखी थीं, जिन्हे चोरी कर लिया गया है। वहीं, सूचना पर डायल 100 पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा मामले की जानकारी ली। बाद में शाम को इमाम इकराम ग्रामीणों के साथ कैराना कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले में कार्रवाई प्रारंभ कर दी।