दो लोगों की किडनी फेल होने से हुई थी मौत
अमर उजाला ब्यूरो
शामली।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पिछले दिनों नगर में बुखार से हुई दो लोगों की मौत के मामले की जांच की। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट सीएमओ को सौंप दी। टीम के मुताबिक दोनों की मौत किडनी फेल होने से हुई है।
मोहल्ला गौशाला रोड निवासी कृष्ण पुत्र जल सिंह की बुखार के कारण 25 अक्तूबर को मौत हो गई थी, जबकि मोहल्ला पुरानी सब्जी मंडी निवासी अनिल की भी बुखार के कारण उसी दौरान उपचार के दौरान मौत हो गई थी। दोनों की मौत का कारण डेेंगू बताया गया था। इस मामले में सीएमओ ने जिला मलेरिया अधिकारी डॉक्टर विनय कुमार को इसकी जांच सौंपी। बृहस्पतिवार को डाक्टर विनय कुमार अपनी टीम के साथ मोहल्ला गौशाला रोड पर पहुंचे और वहां पर कृष्ण के परिजनों से बातचीत की। डॉक्टर विनय के मुताबिक 20 अक्तूबर के आसपास कृष्ण को बुखार आया था। उसके बाद परिजनों ने उसका इलाज शामली में एक निजी अस्पताल में कराया, लेकिन हालत खराब होने के कारण उनको मेरठ रेफर कर दिया गया। मेरठ में भी डाक्टरों द्वारा जवाब देने के कारण परिजन उनको दिल्ली के तेगबहादुर अस्पताल में ले गए, जहां पर उनके टेस्ट किए गए। डाक्टर विनय के अनुसार टेस्ट में किडनी खराब पाई गई। बाद में उनकी मौत हो गई। इसके बाद टीम मोहल्ला पुरानी सब्जी मंडी में पहुंची और मृतक अनिल शर्मा के परिजनों से बात की। टीम के अनुसार सात अक्तूबर को अनिल को बुखार आया। परिजनों ने उसको एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जिसमें उसको आराम हो गया, जिस पर परिजन उनको घर ले गए, लेकिन 21 अक्तूबर को फिर बुखार हुआ। परिजनों ने अस्पताल में टेस्ट किया तो उनका शुगर बढ़ा हुआ मिला। गंभीर हालत के चलते परिजन अनिल का मेरठ ले गए, लेकिन वहां जांच की गई तो किडनी फेल मिली। बाद में उन्होंने 25 अक्तूबर को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अपनी जांच रिपोर्ट दर्ज कर सीएमओ डाक्टर राजकुमार शुक्रवार को सौंप दी।