बिजली बिलों की 182 शिकायतों का निस्तारण
शामली। विद्युत निगम की ओर से आयोजित किए गए दो दिवसीय शिविर के पहले दिन बिजली बिलों से जुड़ी 182 शिकायतों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा 699 उपभोक्ताओं से 46.09 लाख रुपये के बिजली बिल की वसूली की गई।
जनपद में 42 ग्रामीण एवं शहरी उपकेंद्रों पर दो दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शनिवार को पहले दिन बिजली बिलों से संबंधित 200 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 182 का निस्तारण कर दिया गया। मीटर से संबंधित 73 शिकायतों में से 61 निस्तारित की गईं। अधिशासी अभियंता ब्रह्मपाल सिंह ने बताया कि 49 शिकायतें दर्ज हुई, जिनमें से 31 का शिविर में ही निवारण कराया गया। उन्होंने बताया कि 772 बकायेदारों पर 172.69 लाख रुपये की धनराशि बकाया होने पर कनेक्शन काटे गए। 699 उपभोक्ताओं 46.09 लाख रुपये के बिजली बिल की वसूली की गई। उन्होंने बताया कि शिविर का आयोजन रविवार को भी किया जाएगा। उपभोक्ता अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं।
सीएम करेंगे सामुदायिक शौचालयों का डिजिटल शिलान्यास
शामली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ग्राम पंचायतों में बनाए गए पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालयों का 19 अक्तूबर को सुबह साढ़े नौ बजे डिजिटल शिलान्यास करेंगे। डीपीआरओ आलोक शर्मा ने बताया कि सभी ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्य, बीडीसी, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य एवं अध्यक्ष, पंचायत राज विभाग, ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, ग्राम पंचायत स्तर के सभी कर्मचारी, आशा, आंगनबाड़ी एवं सभी सफाई कर्मी एवं ग्रामीण इस कार्यक्रम में ऑनलाइन प्रतिभाग करेंगे।