कैराना। एसडीएम ने गांव अकबरपुर सुन्हेटी में प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल में शौचालयों में गंदगी मिलने पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई है।
शुक्रवार को उपजिलाधिकारी डा. अमित पाल शर्मा क्षेत्र के गांव अकबरपुर सुन्हेटी के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंच गए। निरीक्षण में बच्चे टाट पट्टी पर बैठकर पढ़ रहे थे। एसडीएम ने स्कूल में हाजिरी रजिस्टरों की गहन जांच की और बच्चों से सवाल-जवाब करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता परखी। उन्होंने बच्चों से स्कूल में बनने वाले मिड-डे मील के बारे में भी जानकारी ली। एसडीएम को निरीक्षण के दौरान शौचालय गंदे मिले, जिस पर उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने साफ-सफाई करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि स्कूल के शौचालयों में गंदगी मिली है। ग्राम प्रधान को सफाई के निर्देश दिए हैं। बच्चे टाट पट्टी पर न बैठने को मजबूर हों, व्यवस्था कराने के लिए शिक्षा विभाग को लिखा जाएगा।