नियुक्ति पत्र दिलाने की मांग
शामली।
सहायक अध्यापक की भर्ती में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र नहीं मिल पा रहे हैं। बुधवार को शामली कलक्ट्रेट में पहुंचे अभ्यर्थियों ने जिले की प्रभारी मंत्री अनुपमा जायसवाल को ज्ञापन सौंप कर नियुक्ति पत्र दिलाने की मांग की।
उन्होंने बताया कि सहायक अध्यापक की भर्ती मेें शामली जनपद में 23 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया था, जिन्होंने एनसीटीई के मानदंडों के अनुरूप प्रशिक्षण भी लिया हुआ है। प्रदेश के अन्य जनपदों में बेसिक शिक्षा अधिकारियों ने नियुक्ति पत्र दे दिए हैं, लेकिन शामली जनपद में नियुक्ति पत्र नहीं मिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद की सचिव ने नियुक्ति पत्र जारी करने का निर्देश भी दिया हुआ है। उनकी मांग है कि अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिलाए जाएं। इस दौरान शालू शर्मा, अलका, बबली, निशा रावल, दीपांशु गुप्ता, दीपा तोमर, सुभाष, दुर्गा कुमारी आदि मौजूद रहे।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने की मानदेय बढ़ाने की मांग
शामली। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष सरिता जयंत, जिला महामंत्री सरिता देवी और जिला संरक्षक संजीव शर्मा के नेतृत्व में जिले की प्रभारी मंत्री अनुपमा जायसवाल को ज्ञापन दिया गया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओें के मानदेय बढ़ाने की घोषणाएं कई बार हो चुकी हैं, लेकिन पूरी नहीं हो रही हैं। उनकी मांग है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को 15000 रुपये और सहायिकाओं को 8000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिलाया जाए। यदि उनकी मांग दो अक्तूबर से पहले ही पूरी नहीं हुई, तो दो अक्तूबर को लखनऊ के ईको गार्डन में इकट्ठा होकर पंचायत की जाएगी।