एक अध्यापक के भरोसे पढ़ रहे 90 बच्चे
कैराना। क्षेत्र के ग्राम बधुपुरा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में सिर्फ एक अध्यापक की तैनाती है, जिसकी जिम्मेदारी 90 बच्चों को पढ़ाने की है। इसको लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी है। विद्यालय में प्रदर्शन करके ग्रामीणों ने शिक्षकों की तैनाती कराने की मांग की है।
शनिवार को कैराना क्षेत्र के ग्राम बधुपुरा में पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि कई महीना पहले विद्यालय में तैनात दो अध्यापकों का स्थानांतरण किसी दूसरे विद्यालय में कर दिया गया। इसके बाद से विद्यालय में केवल एक ही अध्यापक की नियुक्ति चल रही है, जबकि वर्तमान में विद्यालय में 90 बच्चे पंजीकृत हैं। विद्यालय में अध्यापकों की नियुक्ति नहीं होने के कारण शैक्षिक कार्य सुचारु रूप से नहीं चल पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके बच्चे यदि शिक्षा से वंचित रहें, तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। प्रदर्शनकारियों में नसीम, सुलेमान, वसीम, इंतजार, कारी तालिब, सदाकत, इरफान, जावेद, शावेज आदि मौजूद रहे।