यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में अनुत्तीर्ण रहे छात्र-छात्राओं के लिए स्क्रूटनी भरने का मौका आठ जुलाई तक है। परिषद की वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड करके 100 रुपये के चालान शुल्क के साथ जमा कराया जा सकता है। आवेदन पत्र रजिस्टर्ड डाक से क्षेत्रीय कार्यालय के पते पर ही स्वीकृत किए जाएंगे।
सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक एसएम सिद्दीकी ने जनपद के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन हाईस्कूूल और इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्यों को स्क्रूटनी के आवेदन के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि यूपी बोर्ड में अनुत्तीर्ण होने वाले छात्र-छात्राएं अपने-अपने विषय या प्रयोगात्मक परीक्षा में फेल होने पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 08 जुलाई है।
आवेदन पत्र परिषद की वेबसाइट यूपीएमएसपीडोटईडीयूडोटइन पर डाउनलोड कर उसको भरने के बाद हार्ड कॉपी प्रत्येक विषय के प्रश्न पत्र के लिए निर्धारित शुल्क 100 रुपये चालान के माध्यम से कोषागार में जमा कर आवेदन भेज सकता है। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि बच्चों को इसके बारे में सूचित कर दें। इसके साथ ही यह भी बता दिया जाए कि आवेदन पत्र के साथ अपना स्वपता लिखा लिफाफा भी साथ में लगाएं। उन्होंने बताया कि किसी बच्चें का आवेदन पत्र सीधा और कोरियर के माध्यम से भेजे जाने पर स्वीकार नहीं होगा। आवेदन पत्र केवल रजिस्टर्ड डाक टिकट लगाकर भेजा गया ही मान्य होगा। जिसके साथ में आवेदन पत्र, चालान फार्म, अंक पत्र की फोटो कॉपी भी लगाना अनिवार्य है। सभी छात्र-छात्रा अपना आवेदन पत्र निर्धारित समय से पहले क्षेत्रीय कार्यालय में हर हाल में भेज दें।