शामली। हाथों में फूल और आंखों में आंसू लिए हर कोई शख्स देश के वीर सपूत शहीद प्रदीप कुमार और अमित कुमार को श्रद्धांजलि दे रहा था। शव यात्रा के दौरान तिरंगे लहराकर भारत मां की जय के नारे लगाए गए।
बनत कस्बे में सुबह साढ़े आठ बजे शहीद की शव यात्रा शुरू हुई तो हर तरफ से फूलों की बारिश शुरू हो गई। शहीद की अंतिम यात्रा के दौरान मार्ग पर फूल बिछाए गए थे। घर के बाहर खड़े और छतों पर खड़े बच्चे, महिलाएं सब फूल लेकर शहीद की शव यात्रा की इंतजार में खड़े थे। शव यात्रा घरों के आगे से गुजरती गई और लोग फूल बरसाकर नम आंखों से श्रद्धांजलि देते रहे। इसी तरह शामली में अमित कुमार की शव यात्रा पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुई। लोगों की भीड़ घरों के बाहर और छतों पर मौजूद रही। रेलपार, पंजाबी कालोनी समेत जिस मार्ग से शव यात्रा गुजरी, वहीं पर फूल बरसाकर शहीद को श्रद्धांजलि दी गई।