शामली। ईद-उल-फितर के लिए शहर के बाजार पूरी तरह गुलजार हो गए हैं। हर कोई खरीदारी करने में जुटा है। बृहस्पतिवार को बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उधर, ईदगाह के साथ तमाम मस्जिदों में भी ईद की नमाज की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर बाजारों में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
ईद को लेकर मुस्लिमों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। त्योहार में कोई कमी न हो? इसके लिए हर कोई ईद की तैयारियों में जुटा है। शहर के बाजारों में हर दिन रौनक बढ़ती जा रही है। रंग-बिरंगी लाइटों से मकानों को सजाया गया है। बाजारों में श्रंगार, कपड़े, रेडीमेड, जूते आदि की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। शहर के बड़ा बाजार, नया बाजार, गांधी चौक, कबाड़ी बाजार, फव्वारा चौक, जामा मस्जिद क्षेत्र के बाजारों में लोगों की भीड़ लगी है। बाजार देर रात तक खुले रहे। युवाओं ने स्टाइलिश जींस एवं टी-शर्ट तो बुजुर्गों ने कुर्ता और पायजामा की खरीदारी की। महिलाओं ने शूट और युवतियों ने फ्रॉक शूट की खरीदारी की। बच्चों ने भी सुंदर पोशाक खरीदी। भीड़ के कारण बाजारों में जाम की स्थिति भी बनी रही। उधर, किराना की दुकानों पर भी भीड़ रही। लोगों ने सेवईयां, काजू, बादाम, पिस्ता, छुआरे, गोला आदि की खरीदारी की। दूसरी तरफ, ईद की नमाज को लेकर कैराना रोड स्थित ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों में तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया है। मस्जिदों को फूल, रंगबिरंगी लाइटों आदि से सजाया गया है। ईद की नमाज को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस की ओर से खासा प्रबंध किए गए है।