जिला अस्पताल में स्वच्छ पानी भी नसीब नहीं
शामली। पारा 40 पार हो चुका है। लू के थपेड़ों के कारण लोगों के हलक सूखने को है, लेकिन जिला अस्पताल में पेयजल पीने योग्य नहीं है तथा शौचालय गंदगी से अटे पड़े है। यह हाल तब है जब अस्पताल के पास बजट की कमी नहीं है और लाखों रुपये अब तक खर्च भी किए जा चुके हैं। सीएमओ ने मामला संज्ञान में आने पर चिकित्साधीक्षक को दो दिन के भीतर ठंडा पेयजल आमजन को मुहैया कराने तथा शौचालयों को साफ कराने के निर्देश दिए हैं।
शामली सीएचसी जिला अस्पताल के रूप में काम कर रही है। रोजाना यहां पर करीब दो हजार मरीज और उनके तीमारदार इलाज के लिए आते हैं। इस समय गर्मी का मौसम चरम पर है। शनिवार को शामली जिले में तापमान करीब 43 डिग्री रहा। इसके अलावा भयंकर लू चली। इस दौरान सीएचसी में पानी ही नहीं मिला। मामला सीएमओ के संज्ञान में डाला गया तो सीएमओ डाक्टर राजकुमार, एसीएमओ डाक्टर डीबी सिंह ने लोगों के लिए पेयजल की उपलब्धता जानने के लिए निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल गेट में घुसने से पहले ही लगा प्याऊ में पानी की घूंट नहीं मिली। लेबर रूम के बराबर में स्थित दूसरे प्याऊ को जांचा तो उसमें टैंक का गर्म पानी मिला। इस पर सीएमओ नाराज हो गए। सीएमओ ने चिकित्साधीक्षक को निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने शौचालयों का निरीक्षण किया तो पता चला कि शौचालयों में गंदगी भरी पड़ी है। इस पर सीएमओ खूब नाराज हुए। उन्होंने चिकित्साधीक्षक को दो दिन के भीतर शौचालयों को ठीक कराने और पेयजल व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए।
लाखों खर्च के बावजूद नहीं सुधरी व्यवस्थाएं
शामली। सीएचसी शामली में कायाकल्प योजना के तहत अब तक लाखों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। पूरे अस्पताल में जरूरत के सामान, फर्श बनाने के साथ ही विस्तारीकरण के नाम पर रुपये करीब आठ लाख रुपये खर्च किए गए, लेकिन अस्पताल में पेयजल की व्यवस्था और शौचालयों में सफाई नहीं कराई गई।
तीमारदारों के लिए ठंडा पेयजल नहीं मिला और शौचालयों में गंदगी मिली, व्यवस्था को सुधारने के लिए दो दिन का समय दिया गया है
-डाक्टर राजकुमार
सीएमओ