कैराना। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने बैठक कर तीन मार्च को शामली में होने जा रहे प्रांतीय व्यापारी महाकुंभ को सफल बनाने के लिए रूपरेखा तैयार की है।
बुधवार को कटेहरा धर्मशाला में पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग की अध्यक्षता में नगर के व्यापारियों की बैठक हुई। बताया कि तीन मार्च को प्रांतीय व्यापारी महाकुंभ होने जा रहा है, जिसमें केंद्रीय मंत्री डॉक्टर सत्यपाल सिंह, सांसद कांता कर्दम, गन्ना मंत्री सुरेश राणा, विधायक कपिल देव अग्रवाल, विधायक तेजेंद्र निर्वाल को आमंत्रित किया गया है। महाकुंभ का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा व्यापारियों के कल्याण के लिए की गई कल्याण बोर्ड की घोषणा को शीघ्र लागू कराने, व्यापारियों के लिए पेंशन योजना लागू करने, व्यापारियों के स्टॉक का बीमा कराने की जिम्मेदारी सरकार द्वारा खुद लेने तथा विभिन्न विभागों द्वारा उत्पीड़न रोकने से संबंधित मांगें शामिल हैं। उन्होंने महाकुंभ में अधिक संख्या में पहुंचकर सफल बनाये जाने का आह्वान किया। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री सुभाष धीमान, नगर अध्यक्ष अनिल गुप्ता सहित दर्जनाें व्यापारीगण मौजूद रहे।